1000861178

सूने मकान में चोरी, नकदी-चांदी के जेवर ले उड़े बदमाश: CCTV में कैद हुए 10-12 संदिग्ध

1000861178

शिवपुरी। शहर की हनुमान कॉलोनी में शनिवार रात एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने नकदी, चांदी के जेवर और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई, जब परिवार शादी समारोह में शामिल होने गांव गया हुआ था। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें रात के समय 10 से 12 संदिग्ध कॉलोनी में घूमते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हनुमान कॉलोनी निवासी मस्तराम वर्मा 26 जून की सुबह परिवार के साथ अपने पैतृक गांव सेगाड़ा में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे पड़ोसी दीपक धाकड़ ने उन्हें फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। रविवार सुबह करीब 4 बजे जब वह शिवपुरी पहुंचे तो मुख्य गेट, कमरों और अलमारियों के ताले टूटे मिले तथा घर का सामान बिखरा पड़ा था।

जांच में दो अलमारियों से 27 हजार रुपये नकद और एक बैग में रखे 4 हजार रुपये सहित कुल 31 हजार रुपये गायब मिले। इसके अलावा मस्तराम के भाई आकाश धाकड़ की सिद्धिविनायक हॉस्पिटल की ड्रेस, आईडी कार्ड, एक जोड़ी चांदी की बिछिया और एक जोड़ी चांदी की पायल भी चोरी हो गई। चांदी के जेवरों की कीमत का विवरण पुलिस को अलग से दिया जाएगा।

पीड़ित ने अपने रिश्तेदार के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें रात 2:16 बजे से 2:50 बजे के बीच 10 से 12 संदिग्ध कॉलोनी में घूमते दिखाई दिए। इस दौरान एक स्थानीय युवक ने उन पर पत्थर फेंककर भगाने की कोशिश भी की, लेकिन बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस को आशंका है कि वारदात को पारदी गिरोह ने अंजाम दिया है। कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *