पहली तेज बारिश में डूबी शिवपुरी, घरों-सड़कों पर भरा पानी; रातभर जूझते रहे लोग

शिवपुरी। शनिवार रात करीब 9 बजे हुई मानसून की पहली तेज बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। महज कुछ देर की बारिश में कई सड़कें जलमग्न हो गईं, जबकि निचले इलाकों और रिहायशी बस्तियों में पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई परिवारों ने पूरी रात घरों से पानी निकालने में गुजारी।
सबसे अधिक समस्या ग्वालियर बायपास स्थित मनीषा किराना स्टोर वाली गली में देखने को मिली, जहां बारिश का पानी कई घरों में घुस गया। स्थानीय निवासी विनोद धाकड़ का घर पूरी तरह पानी से भर गया, जिससे घरेलू सामान खराब हो गया। आसपास के कई अन्य मकानों में भी पानी घुसने से लोगों को रातभर मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद देर रात तक न तो कोई जनप्रतिनिधि और न ही नगर पालिका का अमला मौके पर पहुंचा। लोगों ने कहा कि पहली ही तेज बारिश में शहर की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह फेल हो गई। उन्होंने नगर पालिका से जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थायी समाधान और नालों की नियमित सफाई की मांग की।
बारिश के कारण शहर की कई प्रमुख सड़कें भी पानी में डूब गईं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। इससे पहले शनिवार दोपहर आई तेज बारिश और आंधी में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कई पेड़ तथा बिजली के खंभे गिर गए थे। पोलो ग्राउंड के पास एक पेड़ गिरने से दुकान, बाउंड्री, कार और होर्डिंग को नुकसान पहुंचा, जबकि सुभाषपुरा गांव में एक ढाबा और एक मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। इन घटनाओं में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
