चलती कार बनी आग का गोला, पांच कारोबारी बाल-बाल बचे, बदरवास बायपास पर टॉयलेट के लिए रुके थे

शिवपुरी। जिले के बदरवास बायपास स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर शनिवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। उज्जैन से पटना (बिहार) जा रहे पांच कारोबारियों की इको कार में अचानक आग लग गई। चाय ढाबे के पास टॉयलेट के लिए कार रोकते ही वाहन के नीचे से धुआं उठने लगा। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार उज्जैन निवासी अली फरदीन खान, जकरिया शोएब अहमद कुरैशी, जुनैद वारसी, खालिद कुरैशी समेत कुल पांच कारोबारी इको कार क्रमांक MP09DH2006 से पटना जा रहे थे। शनिवार रात बदरवास बायपास पर एक चाय ढाबे के पास सभी टॉयलेट के लिए रुके थे। इसी दौरान वाहन के निचले हिस्से से धुआं और हल्की आग दिखाई दी। यात्रियों ने स्थिति को समझने और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार आग की लपटों में घिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही बदरवास फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। इस हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित अधिकारी वाहन में आग लगने की वजह की जांच कर रहे हैं।
