1000858389

शिवपुरी में मानसून की पहली तेज बारिश बनी आफत: आंधी से गिरे पेड़-खंभे, ढाबा और मकान ढहे, कई जगह नुकसान

1000858389

शिवपुरी। शनिवार दोपहर मानसून की पहली तेज बारिश और आंधी ने शिवपुरी शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए। पेड़ गिरने से एक कार और एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि सुभाषपुरा गांव में एक ढाबा और मकान धराशायी हो गए। एक पेट्रोल पंप को भी नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में जनहानि नहीं हुई।

शहर के पोलो ग्राउंड के पास तेज आंधी के कारण दो विशाल पेड़ जड़ से उखड़कर गिर पड़े। एक पेड़ पास की दुकान और उसकी बाउंड्री पर गिरने से दोनों को नुकसान पहुंचा, जबकि दूसरा पेड़ सड़क किनारे लगे बड़े होर्डिंग पर गिरा, जिससे होर्डिंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान वहां खड़ी एक कार भी पेड़ की चपेट में आ गई और उसे भारी नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी मौसम का कहर देखने को मिला। सुभाषपुरा गांव में तेज आंधी और बारिश के चलते एक ढाबा पूरी तरह ढह गया, जबकि एक मकान भी गिर गया। पास स्थित एक पेट्रोल पंप को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है। वहीं मनियर क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी एक बाइक पर पेड़ गिरने से वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय बाइक के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।

आंधी के कारण कई स्थानों पर बिजली के खंभे और तार भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे शहर और ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली विभाग की टीमें आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं। जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण शुरू कर नुकसान का आकलन किया है। प्रशासन के अनुसार अब तक किसी भी घटना में जनहानि की सूचना नहीं मिली है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *