शिवपुरी में दर्दनाक सड़क हादसा: पोहरी SDM के रीडर की पत्नी की मौत, रीडर समेत चार घायल

शिवपुरी। शिवपुरी-झिरी मार्ग पर शुक्रवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में पोहरी एसडीएम कार्यालय के रीडर श्याम सिंह दोहरे की पत्नी मनीषा दोहरे (40) की मौत हो गई, जबकि श्याम सिंह दोहरे समेत चार अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज शिवपुरी में उपचार जारी है। हादसा रात करीब 12:30 बजे मुद्गल पेट्रोल पंप के पास हुआ, जब उनकी कार सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे जा टकराई।
जानकारी के अनुसार, पोहरी एसडीएम कार्यालय में पदस्थ रीडर श्याम सिंह दोहरे का हाल ही में भिंड तबादला हुआ था। शुक्रवार को वे जिला मुख्यालय शिवपुरी से कार्यमुक्त होने के बाद कार से पोहरी लौट रहे थे। कार में उनकी पत्नी मनीषा दोहरे के अलावा एक परिचित शिक्षक, उनकी पत्नी और उनका बच्चा भी सवार थे। बताया जा रहा है कि शिवपुरी-पोहरी मुख्य मार्ग की खराब स्थिति के कारण उन्होंने झिरी मार्ग से जाने का निर्णय लिया था।
मुद्गल पेट्रोल पंप के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज शिवपुरी पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान मनीषा दोहरे ने दम तोड़ दिया।
मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। वहीं, श्याम सिंह दोहरे सहित अन्य चार घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
