1000858222

मुख्यमंत्री की संपत्ति पर सियासत तेज, भाजपा विधायक प्रीतम लोधी बोले- कांग्रेस नेताओं की भी हो जांच

1000858222

शिवपुरी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संपत्ति को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी के बीच पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने कांग्रेस नेताओं की संपत्ति की भी जांच कराने की मांग उठाई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने मुख्यमंत्री का बचाव करते हुए कहा कि उनके खिलाफ बेबुनियाद राजनीतिक माहौल बनाया जा रहा है।

प्रीतम लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक प्रतिष्ठित परिवार से आते हैं और उन्होंने अपनी संपत्ति का पूरा विवरण चुनावी हलफनामे में पहले ही सार्वजनिक कर दिया है। उनके अनुसार जब संपत्ति का ब्यौरा पहले से सार्वजनिक है, तब इस मुद्दे को लेकर विवाद खड़ा करना केवल राजनीतिक उद्देश्य से किया जा रहा है।

भाजपा विधायक ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधियों की संपत्ति की जांच कराई जानी है तो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह तथा पिछोर के पूर्व विधायक केपी सिंह की संपत्ति की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि यदि केपी सिंह की जांच कराई जाए तो प्रदेश के नेताओं और उद्योगपतियों में सबसे अधिक संपत्ति उनके नाम सामने आ सकती है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बहनोई रॉबर्ट वाड्रा की संपत्ति की जांच की भी मांग उठाई।

प्रीतम लोधी ने आरोप लगाया कि विपक्ष मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लेकर बिना ठोस आधार के राजनीतिक आरोप लगा रहा है। उनके मुताबिक मुख्यमंत्री ने अपनी संपत्ति का विवरण सार्वजनिक दस्तावेजों में पहले ही घोषित कर दिया है, जबकि विपक्ष इस मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए उछाल रहा है। वहीं, कांग्रेस की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *