पत्नी ने ससुराल जाने से इनकार किया तो पति ने ब्लेड से काट डाला

शिवपुरी। शहर के देहात थाना क्षेत्र में पत्नी के ससुराल जाने से इनकार करने पर पति ने उस पर ब्लेड से हमला कर दिया। घटना में महिला के दोनों हाथों और भुजाओं पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जवाहर कॉलोनी निवासी 29 वर्षीय सोनम अली ने पुलिस को बताया कि उसका पति संजय अली, जो ग्वालियर जिले के घाटीगांव थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव का रहने वाला है, शराब पीकर अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इसी वजह से वह पिछले तीन-चार वर्षों से अपनी मां रशीना बेगम के साथ मायके में रह रही थी। शुक्रवार देर रात करीब 3 बजे संजय अली मायके पहुंचा और सोनम पर अपने साथ सिमरिया चलने का दबाव बनाने लगा।
सोनम के अनुसार, जब उसने साथ जाने से मना किया तो संजय अली ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने दाढ़ी बनाने वाले ब्लेड से सोनम के दोनों हाथों और भुजाओं पर कई वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान हो गई। शोर सुनकर उसकी बहन मारिया और भाई अनस अली मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया। आरोप है कि जाते समय संजय अली ने धमकी दी, “इस बार बच गई, अगली बार नहीं बचेगी।”
देहात थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पति संजय अली के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
