नाजिया इलाही खान के कथित बयान पर रन्नौद में मुस्लिम समाज का प्रदर्शन, FIR और गिरफ्तारी की मांग

शिवपुरी। रन्नौद में शुक्रवार को नाजिया इलाही खान के कथित आपत्तिजनक बयान के विरोध में मुस्लिम समाज ने प्रदर्शन किया। शहर काजी मोहम्मद जाकिर के नेतृत्व में समाज के लोगों ने नरवर तहसीलदार और रन्नौद थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर मामले में एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में नाजिया इलाही खान द्वारा हजरत आयशा के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस बयान से मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में गहरा आक्रोश है।
मुस्लिम समाज ने प्रशासन से नाजिया इलाही खान के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि इस तरह के बयान सामाजिक और धार्मिक सौहार्द को प्रभावित करते हैं, इसलिए मामले में निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए।
शहर काजी मोहम्मद जाकिर ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े विषयों पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियां किसी भी समाज के लिए स्वीकार्य नहीं हैं। ज्ञापन सौंपने के दौरान मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। फिलहाल प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
