जिला अस्पताल के गेट पर गार्ड से मारपीट, बाइक अंदर ले जाने से रोकने पर माथे पर कड़े से किया हमला

शिवपुरी। जिला अस्पताल के मुख्य गेट पर शुक्रवार को ड्यूटी कर रहे एक सुरक्षा गार्ड पर बाइक सवार युवक ने हमला कर दिया। अस्पताल परिसर में बाइक ले जाने से रोकने पर आरोपी ने गार्ड के माथे पर हाथ में पहने कड़े से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
शांति नगर कॉलोनी निवासी भास्कर दांगी ने बताया कि वह शुक्रवार को जिला अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान बाइक क्रमांक एमपी 33 एमके 1971 से एक युवक अस्पताल पहुंचा और बाइक को गेट के अंदर ले जाने की जिद करने लगा। गार्ड ने अस्पताल के नियमों का हवाला देते हुए उसे बाइक अंदर ले जाने से मना कर दिया।
इस बात से नाराज युवक ने भास्कर दांगी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने हाथ में पहने कड़े से गार्ड के माथे पर जोरदार वार किया, जिससे उनका माथा फट गया और खून बहने लगा। शोर सुनकर आसपास लोग जमा होने लगे तो आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
घायल गार्ड को तत्काल जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। उपचार के बाद उन्होंने कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर बाइक को कब्जे में लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
