गोपालपुर के ग्रामीणों ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, पूर्व सरपंच और पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

शिवपुरी। जिले के गोपालपुर गांव के कुछ ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर पूर्व सरपंच और थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते उन्हें झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है और पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही है।
आवेदन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पूर्व सरपंच दिनेश जाटव और उनके परिवार के सदस्य गांव में दबाव बनाने का प्रयास करते हैं। उनका कहना है कि विरोध करने या उनकी बात नहीं मानने पर झूठे मुकदमों में फंसाने तथा गांव से बाहर करने की धमकियां दी जाती हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि थाना गोपालपुर में पदस्थ एक पुलिस अधिकारी के साथ मिलकर उनके खिलाफ कार्रवाई कराई गई है।
ग्रामीणों के अनुसार 24 जून को पुलिस ने महेंद्र जाटव, गौतम जाटव, कल्लू जाटव और सुनील जाटव को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिया। उनका आरोप है कि बिना पर्याप्त जानकारी दिए उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई। वहीं, जब परिजन और ग्रामीण मामले की जानकारी लेने थाने पहुंचे तो उनकी बात नहीं सुनी गई और अभद्र व्यवहार किया गया।
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित झूठे प्रकरणों की समीक्षा करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपने परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
