1000852555

SHIVPURI NEWS – पंचायत में काम न देने के विवाद में सरपंच और भाई पर हमला, मामला दर्ज

1000852555

शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत झलवासा गांव में पंचायत में काम न देने के विवाद को लेकर सरपंच और उनके भाई पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के दो व्यक्तियों ने कुल्हाड़ी के बेंट और डंडे से हमला कर दोनों को घायल कर दिया। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सरपंच हरिबल्लभ धाकड़ ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात करीब 8 बजे वह शिवपुरी से अपने गांव झलवासा लौटे थे। घर के बाहर उन्हें गांव के हरिबल्लभ जाटव और किलोई जाटव मिले। आरोप है कि दोनों ने पंचायत में काम नहीं मिलने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करने लगे।

विरोध करने पर हरिबल्लभ जाटव ने कथित रूप से कुल्हाड़ी के बेंट से सरपंच के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। वहीं किलोई जाटव ने डंडे से उनके दोनों हाथों पर वार किया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे सरपंच के भाई रिंकी धाकड़ के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनके बाएं हाथ में चोट आई।

घटना के दौरान हेमंत गोस्वामी और गणेश चिड़ार ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया। आरोप है कि आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सरपंच की शिकायत पर बैराड़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *