SHIVPURI NEWS-बारात से लौट रही कार पलटी, दो चचेरे भाइयों की मौत, दो घायल

शिवपुरी। जिले के बामौरकला थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बारात से लौट रही एक टीयूवी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, अशोकनगर और शिवपुरी जिले के पांच युवक उत्तर प्रदेश के ललितपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। गुरुवार सुबह करीब 3:45 बजे पिछोर-चंदेरी रोड पर बुढ़ानपुर स्थित मसीदघाट कलारी के सामने उनकी टीयूवी कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना में दुर्गापुर निवासी राघवेन्द्र यादव (20) और उनके चचेरे भाई सुवेन्द्र उर्फ कल्ला यादव (22) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अमन यादव और यश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए झांसी रेफर किया गया। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी को खनियाधाना अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने राघवेन्द्र और सुवेन्द्र को मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक जांच में वाहन की तेज रफ्तार हादसे का कारण बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
