अवैध खनिज परिवहन कार्रवाई में बाधा का मामला, एक सप्ताह बाद FIR दर्ज

शिवपुरी। जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हुए विवाद के मामले में पुलिस ने एक सप्ताह बाद एफआईआर दर्ज की है। खनिज निरीक्षक ऋषभ सिंह दीक्षित की शिकायत पर मंगल लोधी सहित अन्य लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, अभद्रता करने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
खनिज निरीक्षक ऋषभ सिंह दीक्षित के अनुसार, 19 जून 2026 को वह पिछोर तहसील क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई कर रहे थे। इस दौरान खंडा (पत्थर) से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को वैध रॉयल्टी और परिवहन दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर जब्त किया गया। जब्त वाहन को पुलिस बल की मौजूदगी में पिछोर थाने ले जाया जा रहा था।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रास्ते में कुछ लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया और शासकीय कार्रवाई में बाधा डाली। साथ ही पुलिसकर्मियों और खनिज विभाग के कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा जब्त वाहन को छुड़ाने की कोशिश की। इस दौरान एक व्यक्ति की पहचान मंगल लोधी के रूप में हुई।
पिछोर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 296ए और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें खनिज निरीक्षक और कुछ लोगों के बीच तीखी बहस तथा धक्का-मुक्की दिखाई दे रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता, घटना के पूरे घटनाक्रम और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। विवेचना के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
