1000852222

12वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत: 4 युवको पर धमकाने, मोबाईल छीनने व प्रताड़ना के आरोप, चारों पर FIR दर्ज

1000852222

शिवपुरी। जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में 12वीं की एक छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई मृतका की मां की शिकायत के आधार पर की गई है, जिन्होंने अपनी बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने और हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पनिहारी निवासी 17 वर्षीय शिल्पी लोधी पिछोर में रहकर 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। वह तहसील मोहल्ला में किराए के कमरे में रहती थी। बुधवार रात उसका शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतका की मां अंगूरी बाई लोधी ने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले शिल्पी ने उन्हें फोन कर बताया था कि रामवीर लोधी, सत्यम लोधी, राहुल लोधी और सतीश लोधी लाइब्रेरी पहुंचे थे, जहां उन्होंने उसे धमकाया, मोबाइल छीन लिया, सिम तोड़ दी और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

मां का आरोप है कि ये युवक पहले भी उनकी बेटी को परेशान करते रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि एक परिचित व्यक्ति ने शिल्पी को शाम के समय दो अन्य लोगों के साथ अपाचे बाइक पर जाते हुए देखा था। परिजनों का कहना है कि लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर शिल्पी ने आत्मघाती कदम उठाया, जबकि उन्होंने हत्या की आशंका भी व्यक्त की है।

पिछोर थाना पुलिस ने मां की शिकायत पर चारों युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 107 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *