DAP खाद की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, 70 कट्टे खाद और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

शिवपुरी। जिले के तेंदुआ थाना पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने उर्वरक की कालाबाजारी एवं अवैध परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 कट्टे डीएपी खाद से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 8.40 लाख रुपए बताई गई है। मामले में आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस को 23 जून की रात करीब 1 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि डीएपी खाद का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं उर्वरक निरीक्षक कल्लू कोली की टीम ने छापामार कार्रवाई कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। जांच में ट्रैक्टर-ट्रॉली में 70 कट्टे डीएपी उर्वरक पाए गए। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित करीब 8.40 लाख रुपए का माल जब्त कर लिया। मामले में आरोपी रिंकू धाकड़ एवं एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ उर्वरक की कालाबाजारी, अवैध परिवहन और धोखाधड़ी से संबंधित प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक नीतू सिंह धाकड़, सहायक उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह जाट, आरक्षक पवन जाट, राहुल परिहार और हरिओम कौरव की विशेष भूमिका रही।
