हत्या के मामले में 24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

शिवपुरी। जिले की खनियाधाना थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को सूचना मिलने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें उप जेल पिछोर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, फरियादी कपिल उपाध्याय निवासी निचला बाजार, शिवपुरी ने 22 जून 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका छोटा भाई सुशील उर्फ सिम्पल उपाध्याय अपने मित्र देवा आदिवासी और केशराम उर्फ छोटू गुर्जर के साथ 21 जून को ग्राम खजरा में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। आरोप है कि शादी समारोह के दौरान तीनों लोग शराब पार्टी मनाने के लिए खेत पर गए, जहां देवा आदिवासी और केशराम उर्फ छोटू गुर्जर ने सुशील की हत्या कर दी। घटना की जानकारी सूर्या ढाबा के संचालक नीलम यादव द्वारा परिजनों को दी गई थी।
शिकायत के आधार पर खनियाधाना थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 222/2026 के तहत धारा 103(1) एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान 23 जून को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अछरौनी स्थित सरकारी अस्पताल के पास से दो संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान केशराम उर्फ छोटू गुर्जर (28) निवासी सेमरी तेंदुआ और देवा आदिवासी (32) निवासी सहरिया मोहल्ला, शिवपुरी के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई के बाद 24 जून को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें उप जेल पिछोर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक केदार सिंह यादव, उपनिरीक्षक छाया राय, सहायक उपनिरीक्षक रामसिंह भिलाला, हजारीलाल जाटव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
