बैराड़ पुलिस ने 60 लीटर कच्ची शराब के साथ एक आरोपी को दबोचा

शिवपुरी। जिले के बैराड़ थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 60 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित देशी कच्ची शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह बैराड़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बरोद रोड स्थित ठाकुर बाबा मंदिर के पीछे एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध कच्ची शराब रखे हुए है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम राजेन्द्र पुत्र मांगीलाल राठौर (32) निवासी कालामढ़, शाखा फील्ड के पास, बैराड़ बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो प्लास्टिक की कैनों में भरी 60 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश शर्मा, प्रधान आरक्षक हरिओम जाटव, आरक्षक संदीप राठौर, ज्ञान सिंह रावत, लोकेन्द्र सिंह एवं चालक आरक्षक मनीष परिहार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
