ट्रक की चपेट में आने से सर्विस सेंटर कर्मचारी की मौत, जांच में जुटी पुलिस

शिवपुरी। जिले के कोलारस थाना क्षेत्र स्थित पड़ौरा चौराहा पर संचालित आयशर ट्रक सर्विस सेंटर में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। सर्विस सेंटर के 48 वर्षीय कर्मचारी मनोज श्रीवास की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पराई की पौर निवासी मनोज श्रीवास आयशर ट्रक सर्विस सेंटर के टूल डिपार्टमेंट में कार्यरत थे। मंगलवार शाम वह अपने काउंटर पर बैठे हुए थे। इसी दौरान परिसर में खड़ा एक ट्रक अचानक लुढ़क गया और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उनके सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी हालत नाजुक हो गई।
घटना के तुरंत बाद एजेंसी के कर्मचारियों ने उन्हें शिवपुरी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर कोलारस थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस हादसे के कारणों और किसी संभावित लापरवाही के पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक अपने पीछे दो बच्चों सहित परिवार छोड़ गए हैं।
