संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने हाईवे जाम किया

शिवपुरी। जिले के पोहरी थाना क्षेत्र में 32 वर्षीय युवक लवकुश परिहार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परीक्षा गांव निवासी लवकुश का शव झिरी-अतरौआ रोड पर एक महुआ के पेड़ के नीचे पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
मृतक के पिता शिव सिंह परिहार ने आरोप लगाया कि लवकुश तोमर क्रेशर पर कार्य करता था। बुधवार सुबह उसे वेतन के रूप में करीब 35 हजार रुपए मिले थे। सुबह लगभग 9 बजे उसे अपनी बाइक के साथ नाश्ता करते हुए देखा गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया। परिजनों का कहना है कि उसके पास मौजूद 35 हजार रुपए, मोबाइल फोन और बाइक भी गायब हैं, जिससे हत्या और लूट की आशंका जताई जा रही है।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव को परीक्षा गांव लाकर श्योपुर-शिवपुरी हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलने पर पोहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
