झांसी से आ रही शराब से भरी कार पकड़ी, 11 पेटी अवैध शराब और स्विफ्ट डिजायर जब्त

शिवपुरी। करैरा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झांसी से शिवपुरी की ओर लाई जा रही शराब से भरी एक कार को पकड़कर 11 पेटी देशी प्लेन शराब और एक स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
करैरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक यूपी 15 डीडी 4002 में अवैध शराब भरकर झांसी से शिवपुरी की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर टीला रोड तिराहे पर पुलिस ने चेकिंग लगाई।
पुलिस को देखकर चालक कार को तेज गति से भगाते हुए रांग साइड से निकल गया। पीछा करने पर वह आईटीवी की बाउंड्री के पीछे पथरीले क्षेत्र में पहुंचा, जहां कार पत्थर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। रास्ता बंद होने पर चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।
तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से 11 पेटी देशी प्लेन शराब बरामद हुई, जिसमें कुल 550 क्वार्टर (99 बल्क लीटर) शराब रखी थी। जब्त शराब की कीमत लगभग 55 हजार रुपए और कार की कीमत करीब 6 लाख रुपए आंकी गई है।
वाहन का पंजीयन हृदेश राजपूत निवासी रक्सा, झांसी के नाम पर मिला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
