ऊर्जा मंत्री की जनचौपाल में गूंजे नारे, ग्रामीण बोले- बिजली विभाग चोर है

शिवपुरी। जिले के खोड़ गांव में आयोजित जनचौपाल के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब वीरा गांव से पहुंचे ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के सामने ही बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीण गांव में लंबे समय से टूटे पड़े बिजली के खंभों और तारों की समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज थे।
रविवार को धार महादेव मंदिर परिसर में आयोजित जनचौपाल में ऊर्जा मंत्री ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान कलेक्टर अर्पित वर्मा, विधायक देवेंद्र जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। इसी बीच वीरा गांव के ग्रामीणों ने “बिजली विभाग चोर है” के नारे लगाते हुए विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में कई स्थानों पर बिजली के खंभे और तार टूटकर खेतों में पड़े हैं, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ग्रामीण सुखेन्द्र राय ने आरोप लगाया कि उनके खेत से गुजरने वाली बिजली लाइन का खंभा और तार लंबे समय से टूटा पड़ा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समस्या के समाधान के लिए विभागीय कर्मचारियों ने उनसे 3 हजार रुपये की मांग की थी, जबकि पहले भी तार जुड़वाने के लिए पैसे देने पड़े थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मौके पर मौजूद बिजली विभाग के अधिकारियों को तत्काल समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट सीधे उन्हें उपलब्ध कराने को कहा।
