शिकायत के बाद बढ़ीं मुश्किलें! छात्राओं ने अधीक्षिका पर धमकाने का लगाया आरोप, फिर पहुंचीं कलेक्ट्रेट

शिवपुरी। शहर के टीवी टावर रोड स्थित शासकीय पोस्ट मैट्रिक छात्रावास की छात्राएं गुरुवार को एक बार फिर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। छात्राओं ने कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर आरोप लगाया कि छात्रावास की समस्याओं की शिकायत करने के बाद उनकी परेशानियां कम होने के बजाय और बढ़ गई हैं। उन्होंने छात्रावास अधीक्षिका पर शिकायत करने वाली छात्राओं को धमकाने और नाम काटने की चेतावनी देने का आरोप लगाया है।
छात्राओं ने बताया कि मंगलवार की जनसुनवाई में उन्होंने भोजन की खराब गुणवत्ता, खाने में कीड़े निकलने, दूसरी मंजिल पर करीब 50 छात्राओं के लिए सिर्फ एक शौचालय होने, गंदे पानी की आपूर्ति, खराब पंखों, कूलर की कमी और अधीक्षिका की अनुपस्थिति जैसी समस्याओं की शिकायत की थी। इसके बाद बुधवार को तहसीलदार छात्रावास की जांच के लिए पहुंचीं, लेकिन छात्राओं का आरोप है कि निरीक्षण के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
छात्राओं का कहना है कि जांच के बाद अधीक्षिका ने शिकायत करने पर नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि शिकायत करने वाली छात्राओं के नाम छात्रावास से काट दिए जाएंगे। साथ ही उन्हें हॉस्टल से बाहर निकालने की धमकी भी दी जा रही है। छात्राओं ने आरोप लगाया कि शिकायत के बाद उन पर लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा है।
इसी से परेशान होकर छात्राएं दोबारा कलेक्ट्रेट पहुंचीं और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए तथा शिकायत करने वाली छात्राओं को प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। छात्राओं का कहना है कि समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें डराने का प्रयास किया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
