झांसी-शिवपुरी हाईवे पर दर्दनाक हादसा: शिवपुरी के जीजा-साले की मौत, एक युवक जिंदगी की जंग लड़ रहा

शिवपुरी। जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के सेवड़ी गांव के दो लोगों की झांसी-शिवपुरी हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक रिश्ते में जीजा-साले लगते थे। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार सेवड़ी गांव निवासी प्रीतम अहिरवार (60), उनके जीजा प्रेमी अहिरवार (60) और आनंद अहिरवार (26) बुधवार रात एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सिमरधा बांध के पास आयोजित पूजा और भोज कार्यक्रम में शामिल होने के बाद तीनों वापस घर जा रहे थे। झांसी-शिवपुरी हाईवे पर डगरवाहा गांव के पास उनकी बाइक को तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि प्रीतम अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रेमी अहिरवार और आनंद अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान प्रेमी अहिरवार ने भी दम तोड़ दिया। वहीं आनंद अहिरवार की हालत गंभीर बनी हुई है।
परिजनों के मुताबिक हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। एक ही परिवार से जुड़े दो लोगों की मौत से सेवड़ी गांव में शोक की लहर है। मृतक प्रेमी अहिरवार अपने पीछे पत्नी, तीन बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं, जबकि प्रीतम अहिरवार की कोई संतान नहीं थी। उनकी मौत के बाद पत्नी त्रिवेणी गहरे सदमे में हैं।
