1000810709

10 हजार गुर्जरों का शक्ति प्रदर्शन, टाइगर रिजर्व पर भैंसें उठाकर बाघों को खिलाने का लगाया आरोप

1000810709

शिवपुरी। गुर्जर समाज की विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को शिवपुरी में ग्वालियर-चंबल संभाग से हजारों समाजजन एकत्रित हुए। गांधी पार्क से विशाल रैली निकालकर समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान माधव टाइगर रिजर्व और वन विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई गई।

गुर्जर समाज के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि सुरवाया क्षेत्र से पिछले डेढ़ वर्ष में करीब 100 भैंसें गायब हुई हैं और उन्हें टाइगरों के लिए ले जाया गया। समाज का दावा है कि हाल ही में एक बुजुर्ग ग्रामीण ने कथित तौर पर एक भैंस के बच्चे को डीसीएम वाहन में ले जाते हुए देखा, जिसके बाद ग्रामीणों का संदेह और गहरा गया। समाज के लोगों का कहना है कि पहले वे मवेशियों के गायब होने को टाइगरों का शिकार मानते थे, लेकिन अब उन्हें लगता है कि मवेशियों को जानबूझकर टाइगरों के सामने छोड़ा जा रहा है।

समाज के प्रतिनिधि प्रदीप सिंह गुर्जर ने बताया कि शिवपुरी में करीब 10 हजार समाजजन एकत्रित हुए थे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशभर से लाखों गुर्जर शिवपुरी पहुंचकर बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

ज्ञापन में झिरना सरकार स्थान को संरक्षित करने, वन विभाग द्वारा कथित उत्पीड़न रोकने, वर्षों से खेती कर रहे किसानों को पट्टे देने, टाइगर रिजर्व क्षेत्र के प्रभावित परिवारों को मुआवजा और पुनर्वास देने सहित कई मांगें रखी गईं। इसके अलावा धनसिंह कोतवाल, पन्नाधाय और भगवान देवनारायण की प्रतिमाएं स्थापित करने, ऐतिहासिक मंदिरों के संरक्षण और ईको सेंसिटिव जोन से प्रभावित गांवों के पुनर्वास की मांग भी उठाई गई। समाज ने स्पष्ट किया कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *