बिजली तार चोरी के मामले में पुलिस ने 5.90 लाख का माल बरामद कर दो आरोपी दबोचे

शिवपुरी। जिले की तेंदुआ थाना पुलिस ने बिजली के तार चोरी के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया करीब 250 किलो एल्युमीनियम तार और वारदात में प्रयुक्त थ्रीव्हीलर टेम्पो सहित कुल 5 लाख 90 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 10 जून को विद्युत वितरण केंद्र कोलारस ग्रामीण में पदस्थ लाइनमैन हुकम सिंह रावत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आठ खंभों से विद्युत तार चोरी कर लिया गया है। चोरी गए तार की कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई थी। शिकायत पर तेंदुआ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वीरू उर्फ वीरेन्द्र राठौर (28) और संदीप राठौर (32) निवासी लोहपीटा मोहल्ला, बैराड़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त टेम्पो, 250 किलो एल्युमीनियम तार के 9 बंडल और कटे हुए तार के टुकड़े बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक नीतू सिंह धाकड़, सहायक उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह जाट, आरक्षक भुवनेश शर्मा, पवन जाट, प्रवेश कुमार, चालक लोकेन्द्र झाला तथा थाना बैराड़ पुलिस की विशेष भूमिका रही।
