डीएपी खाद के ट्रक पर FIR: 800 कट्टे लोड थे, 366 मिले; 434 कट्टों का सुराग तलाश रहा प्रशासन

शिवपुरी। जिले के कोलारस में संदिग्ध डीएपी खाद से भरे ट्रक की जब्ती के मामले में पुलिस ने गुरुवार को एफआईआर दर्ज कर ली है। कृषि विभाग की शिकायत पर ट्रक चालक सुनील गुर्जर और हेल्पर कृपाल गिरी के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब प्रशासन की जांच का केंद्र उन सैकड़ों खाद के कट्टों पर है, जो ट्रक से पहले ही कहीं उतारे जाने की आशंका है।
10 जून को एसडीएम अनूप श्रीवास्तव के निर्देश पर तहसीलदार प्रदीप भार्गव, कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मां कैला देवी वेयरहाउस परिसर में खड़े ट्रक की जांच की थी। जांच में ट्रक से ‘रघुवीरा सरदार ऑर्गेनिक सब्स्टीट्यूट ऑफ डीएपी’ के 366 कट्टे बरामद हुए। कार्रवाई के दौरान चालक मौके से फरार हो गया, जबकि हेल्पर को पकड़ लिया गया। पूछताछ में वह खाद से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
अधिकारियों ने खाद के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए और ट्रक सहित खाद को जब्त कर लिया। बाद में खाद को मंडी स्थित सहकारी गोदाम में सुरक्षित रखवाया गया, जबकि ट्रक को पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया। कृषि विभाग का आरोप है कि खाद का अवैध परिवहन किया जा रहा था और क्षेत्र में इसके विक्रय की तैयारी थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि ट्रक में करीब 800 कट्टे खाद भरकर लाए गए थे, जबकि मौके पर केवल 366 कट्टे ही मिले। ऐसे में करीब 434 कट्टे खाद पहले ही कहीं उतारे जाने की आशंका जताई जा रही है। अब प्रशासन और कृषि विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि यह खाद कहां उतारी गई और किन लोगों तक पहुंचाई गई। मामले की जांच जारी है।
