1000810283

कुत्ते को भगाने पर शुरू हुआ विवाद बना हत्या का कारण, 50 वर्षीय अधेड़ की मौत के बाद हत्या की FIR

1000810283

शिवपुरी। पुरानी शिवपुरी क्षेत्र की कोरी गली इमामबाड़ा में कुत्ते को भगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक व्यक्ति की मौत पर जाकर खत्म हुआ। घायल 50 वर्षीय जफीर अहमद की उपचार के दौरान मौत हो जाने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराएं बढ़ा दी हैं।

पुलिस के अनुसार घटना 10 जून की शाम करीब 7 बजे की है। जफीर अहमद नमाज पढ़कर घर लौट रहे थे। उनके घर के सामने पड़ोसी आशिफ खान का कुत्ता बैठा था। कुत्ते को भगाने पर आशिफ खान और उनकी पत्नी साहिदा खान नाराज हो गए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि आशिफ खान ने लाठी से जफीर अहमद के सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। वहीं साहिदा खान पर जफीर अहमद की पत्नी सेमुनिशा खान के साथ भी मारपीट करने का आरोप है।

बताया गया है कि शिकायत दर्ज कराने जाते समय नीलगर चौराहे के पास आरोपियों ने उन्हें दोबारा रोक लिया। इस दौरान हुई झूमाझटकी में जफीर अहमद गिर पड़े और उनका सिर पत्थर से टकरा गया, जिससे उनकी हालत और गंभीर हो गई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *