लव-मैरिज के 39 दिन बाद ही भर गया GF से मन, अब धंधा कराना चाहता है, परिवार दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा है

शिवपुरी। शादी के महज डेढ़ माह बाद एक नवविवाहिता ने अपने पति, सास, ससुर और ननद पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। महिला ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
महिला के अनुसार उसका विवाह 14 अप्रैल 2026 को हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। शुरुआती कुछ दिन सामान्य रहे, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल और 5 लाख रुपए नकद की मांग करने लगा। महिला का आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और मायके से दहेज लाने का दबाव बनाया गया।
आवेदन में महिला ने आरोप लगाया है कि 23 मई 2026 को पति, सास, ससुर और ननद ने उसके साथ मारपीट की, अभद्र व्यवहार किया और घर से निकाल दिया। इतना ही नहीं, उसके कपड़े और गृहस्थी का सामान भी अपने कब्जे में रख लिया गया। महिला का कहना है कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और धमकी के आरोपों की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस को दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
