1000806469

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर कांग्रेस का उपवास, भाजपा पर लगाया लोकतंत्र कुचलने का आरोप

1000806469

शिवपुरी। कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के विरोध में बुधवार को शिवपुरी जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय सहित सभी ब्लॉकों में धरना-उपवास कर विरोध प्रदर्शन किया। शहर के गुना बायपास स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में एक दिवसीय उपवास रखा गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाए।

मंगलवार को रिटर्निंग ऑफिसर ने मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त कर दिया था। भाजपा की ओर से आपत्ति दर्ज कराई गई थी कि उन्होंने हैदराबाद की एक अदालत में लंबित मामले की जानकारी नामांकन पत्र में उल्लेखित नहीं की थी। आपत्ति की जांच के बाद उनका नामांकन खारिज कर दिया गया।

धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने कहा कि राज्यसभा प्रत्याशी का नामांकन केवल एक नोटिस के आधार पर निरस्त करना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दमनकारी नीति अपनाकर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस फैसले से निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हुए हैं और जनता इसका जवाब देगी।

वहीं कोलारस के मानीपुरा स्थित अंबेडकर पार्क में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बलभद्र सिंह धाकड़ के नेतृत्व में भी धरना-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिले के सभी ब्लॉकों में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और नामांकन निरस्त किए जाने के फैसले के विरोध में आवाज बुलंद की है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *