कोल्ड स्टोर से पकड़ा गया संदिग्ध खाद का ट्रक, 376 बोरियां जब्त; चालक फरार

शिवपुरी। जिले के कोलारस कस्बे में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मां कैला देवी कोल्ड स्टोर परिसर से खाद से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। ट्रक से 376 बोरियां बरामद हुई हैं। कार्रवाई के दौरान चालक मौके से फरार हो गया, जबकि हेल्पर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। खाद की गुणवत्ता और वैधता को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
मुखबिर से सूचना मिलने पर एसडीएम अनूप श्रीवास्तव और तहसीलदार प्रदीप भार्गव प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम को देखकर चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। पूछताछ में हेल्पर ने बताया कि खाद से भरा ट्रक झाबुआ जिले के मेघनगर से लाया गया था। जांच के दौरान ट्रक के लगेज एरिया से 376 बोरियां खाद बरामद हुईं। अधिकारियों को आशंका है कि ट्रक का कुछ माल पहले ही कहीं उतारा जा चुका था।
खाद की बोरियों पर ‘ऑर्गेनिक सब्स्टीट्यूट डीएपी’ लिखा मिला है, जिससे इसकी गुणवत्ता और उपयोगिता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। खाद विभाग ने नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि मौके पर कोई भी व्यक्ति ट्रक और खाद की जिम्मेदारी लेने सामने नहीं आया। फिलहाल ट्रक और खाद को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है तथा पुलिस और खाद विभाग पूरे मामले की संयुक्त जांच कर रहे हैं।
