एक नेता के स्वागत में खड़ा रहता है पूरा तंत्र, किसानों की सुनने वाला कोई नहीं: बृजेश सिंह धाकड़

खाद संकट, ई-टोकन और फार्मर आईडी की समस्याओं को लेकर किसानों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
शिवपुरी। भारतीय किसान संघ के बैनर तले बुधवार को शिवपुरी जिले के किसानों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों ने खाद वितरण व्यवस्था में सुधार, ई-टोकन प्रणाली की दिक्कतों के समाधान, फार्मर आईडी के लंबित प्रकरणों के निपटारे और राजस्व संबंधी मामलों के त्वरित निराकरण की मांग उठाई।
किसानों का कहना है कि ई-टोकन सर्वर की धीमी गति के कारण खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद प्राप्त करने में भारी परेशानी हो रही है। कई सहकारी समितियों में खाद उपलब्ध नहीं है, जबकि नगद खाद वितरण केंद्र भी बंद पड़े हैं। किसानों ने सभी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने और बंद केंद्रों को तत्काल शुरू करने की मांग की।
भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश सिंह धाकड़ ने बताया कि जिले में बड़ी संख्या में किसानों की फार्मर आईडी अभी तक नहीं बन पाई है। इससे किसानों को ई-टोकन बुकिंग सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने पटवारियों को गांव-गांव भेजकर फार्मर आईडी बनाने और ई-टोकन बुकिंग में सहयोग कराने की मांग की।
भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश सिंह धाकड़ ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिले का पूरा प्रशासन और जिम्मेदार नेता एक नेता की अगवानी और स्वागत में व्यस्त रहते हैं, लेकिन किसानों की समस्याओं की ओर किसी का ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि किसान खाद, ई-टोकन, फार्मर आईडी और राजस्व मामलों को लेकर परेशान हैं, फिर भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही। यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो किसान सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन में नामांतरण, फौती नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और नाम सुधार जैसे राजस्व मामलों के समयबद्ध निराकरण की भी मांग की गई। साथ ही समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने वाले किसानों के भुगतान में आई गड़बड़ियों की जांच कर राशि उनके सही खातों में पहुंचाने की मांग उठाई गई। किसान संघ ने चेतावनी दी है कि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर किसान आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
