1000805660

टाइगर को खिलाने के लिए भैंस का बच्चा उठाने का आरोप, आधी रात तक थाने पर डटा रहा गुर्जर समाज

1000805660

शिवपुरी। जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र में मंगलवार रात उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब गुर्जर समाज के ग्रामीण बड़ी संख्या में सुरवाया थाने पहुंच गए। ग्रामीणों ने माधव टाइगर रिजर्व के कर्मचारियों पर गांव से भैंस का बच्चा उठाकर टाइगर के बाड़े में छोड़ने का गंभीर आरोप लगाया। मामले को लेकर ग्रामीण देर रात तक थाने पर धरने पर बैठे रहे और कार्रवाई की मांग करते रहे।

ग्रामीणों के अनुसार संग्राम सिंह गुर्जर का करीब तीन साल का पड़ा अचानक लापता हो गया। उनका दावा है कि गांव के एक बुजुर्ग ने वनकर्मियों को डीसीएम वाहन में मवेशी ले जाते हुए देखा था। काफी तलाश के बाद भी जब मवेशी का कोई सुराग नहीं मिला तो ग्रामीणों का संदेह पार्क प्रबंधन पर गहरा गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सुरवाया थाना पुलिस ने ग्रामीणों की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मवेशी चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं माधव टाइगर रिजर्व के रेंजर आर.के. दीक्षित ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि हाल ही में टाइगर बाड़े के पास अवैध रूप से घूमते मिले कुछ ग्रामीणों पर वन अपराध का प्रकरण दर्ज किया गया था। इसी कार्रवाई से बचने और दबाव बनाने के लिए प्रबंधन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। अब पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद सामने आएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *