1000800982

भदैयाकुंड कैफेटेरिया और टूरिस्ट सेंटर की दुकानों की नीलामी शुरू, 12 जून तक जमा होंगे ऑफर

1000800982

शिवपुरी। पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और व्यावसायिक संचालन को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (डीएटीसीसी) शिवपुरी ने भदैयाकुंड स्थित कैफेटेरिया तथा टूरिस्ट वेलकम सेंटर की रिक्त दुकानों के संचालन हेतु नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं 12 जून तक अपने ऑफर पत्र जमा कर सकती हैं।

डीएटीसीसी द्वारा भदैयाकुंड स्थित कैफेटेरिया को निर्धारित शर्तों के अनुसार सात वर्ष की अवधि के लिए मासिक किराए के आधार पर संचालित करने हेतु उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं छत्री रोड स्थित टूरिस्ट वेलकम सेंटर की 10 रिक्त दुकानों—दुकान क्रमांक 4, 5, 6, 8, 11, 12, 13, 15, 17 और 18—के आवंटन के लिए अधिकार आधिपत्य राशि के आधार पर ऑफर आमंत्रित किए गए हैं।

सहायक नोडल अधिकारी डीएटीसीसी सौरभ गौड़ के अनुसार नीलामी प्रक्रिया में वही भारतीय नागरिक या संस्थाएं भाग ले सकेंगी जिनके विरुद्ध कोई आपराधिक अथवा आर्थिक अपराध दर्ज न हो और जो किसी भी देशविरोधी गतिविधि में संलिप्त न हों।

ऑफर के साथ जमा करनी होगी अमानत राशि

इच्छुक आवेदकों को प्रत्येक निविदा के लिए 2 हजार रुपये का डिमांड ड्राफ्ट अथवा बैंकर्स चेक नोडल अधिकारी, डीएटीसीसी शिवपुरी के पक्ष में जमा करना होगा। दुकानों के लिए 50 हजार रुपये तथा कैफेटेरिया संचालन के लिए 3 लाख रुपये की अमानत राशि एफडीआर के रूप में जमा करना अनिवार्य रहेगा।

ऑफर पत्र 12 जून को दोपहर 3 बजे तक जमा किए जा सकेंगे। प्राप्त प्रस्तावों को उसी दिन शाम 5 बजे उपस्थित आवेदकों के समक्ष खोला जाएगा। आवेदन पत्र में स्थायी निवास का पता अंकित करना अनिवार्य होगा। ऑफर स्वीकार या निरस्त करने का अंतिम अधिकार सक्षम अधिकारी, डीएटीसीसी शिवपुरी के पास सुरक्षित रहेगा।

नीलामी प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत नियम एवं शर्तों की जानकारी डीएटीसीसी कार्यालय में कार्यालयीन समय के दौरान प्राप्त की जा सकती है। अधिक जानकारी के लिए सहायक नोडल अधिकारी सौरभ गौड़ से संपर्क किया जा सकता है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *