1000800937

सायबर सेल ने ठगी के शिकार युवक को वापस दिलाए 5.46 लाख रुपए, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लौटी रकम

1000800937

शिवपुरी। शिवपुरी पुलिस की सायबर सेल ने ऑनलाइन ठगी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पीड़ित के खाते से ठगी गई 5 लाख 46 हजार 316 रुपए की राशि वापस दिलाई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते ठगों तक पहुंचने से पहले ही रकम को विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराया गया और न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद पीड़ित के खाते में वापस जमा करा दिया गया।

जानकारी के अनुसार पोहरी निवासी प्रवीण वर्मा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात साइबर ठग ने धोखाधड़ी कर उनके बैंक ऑफ महाराष्ट्र खाते से 5,46,316 रुपए निकाल लिए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन में सायबर सेल ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान सायबर टीम ने पाया कि ठगी की राशि विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है। तकनीकी विश्लेषण और बैंकिंग समन्वय के माध्यम से रकम को SVC Co-operative Bank, IDFC First Bank और Yes Bank के खातों में होल्ड कराया गया। इसके बाद न्यायालय के आदेश प्राप्त कर पूरी राशि पीड़ित को वापस दिलाई गई।

राशि वापस मिलने पर फरियादी प्रवीण वर्मा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिवपुरी पुलिस और सायबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो उनकी मेहनत की कमाई वापस मिलना मुश्किल हो जाता।

इस कार्रवाई में सायबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह जाट, प्रधान आरक्षक विकास सिंह चौहान, आरक्षक जलज रावत, दामोदर परिहार, आलोक व्यास और भूपेन्द्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सायबर अपराध से बचाव के लिए पुलिस की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे AEPS फ्रॉड से बचने के लिए My Aadhaar App के माध्यम से अपना बायोमेट्रिक लॉक करें, किसी भी फर्जी लोन ऐप को डाउनलोड न करें, APK फाइल्स न खोलें और किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, बैंकिंग जानकारी या निजी विवरण साझा न करें। साथ ही अनजान लिंक और वेबसाइटों से सावधान रहने की सलाह दी गई है।

सायबर अपराध की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 या शिवपुरी सायबर सेल के हेल्पलाइन नंबर 7049123706 एवं 7049123288 पर संपर्क करने की अपील की गई है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *