छात्रावास की बदहाल व्यवस्था से परेशान छात्राएं पहुंचीं कलेक्ट्रेट, खाने में कीड़े और खुले में नहाने की शिकायत

शिवपुरी। शहर के टीवी टावर रोड स्थित शासकीय पोस्ट मैट्रिक छात्रावास की छात्राओं ने मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर हॉस्टल की अव्यवस्थाओं की शिकायत की। छात्राओं ने आरोप लगाया कि उन्हें खराब भोजन परोसा जा रहा है, पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छात्रा आस्था जाटव ने बताया कि छात्रावास अधीक्षिका प्रीति सूर्येश कई दिनों तक हॉस्टल नहीं आती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नाश्ते और भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब है तथा कई बार सब्जियों में कीड़े निकल चुके हैं। छात्राओं का कहना है कि शिकायत करने पर समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें डांटा जाता है।
छात्राओं ने बताया कि दूसरी मंजिल पर करीब 50 छात्राएं निवास करती हैं, लेकिन उनके लिए केवल एक शौचालय उपलब्ध है। पानी की कमी के कारण दैनिक कार्यों में भी दिक्कत होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि नहाने के लिए अलग व्यवस्था नहीं होने से कई छात्राओं को खुले में नहाने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
छात्रा मनीषा जाटव ने बताया कि पानी की टंकियों की नियमित सफाई नहीं होती, जिससे गंदा पानी पीने के कारण छात्राओं की तबीयत खराब होती रहती है। इसके अलावा कई पंखे खराब पड़े हैं और भीषण गर्मी के बावजूद कूलर की व्यवस्था नहीं की गई है। उनका आरोप है कि शिकायत करने पर छात्राओं से अपने घर से पंखे और कूलर लाने की बात कही जाती है।
छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि समस्याओं को उठाने पर उन्हें धमकाया जाता है और अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। लगातार बढ़ती परेशानियों के चलते छात्राएं मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचीं और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
इस संबंध में एडीएम दिनेश चंद्र शुक्ला ने बताया कि छात्राओं की शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी कमियां सामने आएंगी उन्हें दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
