1000799858

सिद्धेश्वर मेले में सुविधाओं का संकट: दुकानदारों ने ठेकेदार पर अवैध वसूली और बिजली चोरी के लगाए आरोप

1000799858

शिवपुरी। शहर के प्राचीन सिद्धेश्वर मेले में व्यवस्थाओं को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। दूर-दराज के जिलों और अन्य राज्यों से आए दुकानदारों ने मेला ठेकेदार पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध न कराने तथा अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। व्यापारियों का कहना है कि हजारों रुपये लेने के बावजूद उन्हें पीने का पानी, स्नान और शौच जैसी आवश्यक सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं।

मुरैना से आए कॉस्मेटिक व्यापारी मोनू और बिहार से चश्मे की दुकान लगाने वाले दीपक कुमार ने बताया कि प्रत्येक दुकान से करीब 25 हजार रुपये तक वसूले गए हैं। इसके बावजूद व्यवस्थाएं नदारद हैं। दुकानदारों का आरोप है कि रोशनी के नाम पर प्रति बल्ब 100 रुपये प्रतिदिन लिए जा रहे हैं। चार बल्ब लगाने पर उन्हें रोजाना 400 रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ रहे हैं। सुविधाओं के अभाव में कई व्यापारियों को किराए के कमरों में रहना पड़ रहा है, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर दुकानदार मेले परिसर में ही रात गुजारने को मजबूर हैं।

मेले के बाहर पानीपुरी, सोडा और अन्य खाद्य सामग्री के ठेले लगाने वाले व्यापारियों ने भी अवैध वसूली का आरोप लगाया है। अशोक और रासिफ सहित कई ठेला संचालकों का कहना है कि वे पूरे साल उसी स्थान पर व्यापार करते हैं, लेकिन मेले के दौरान उनसे प्रतिदिन 100 रुपये वसूले जा रहे हैं।

वहीं मेले में संचालित झूलों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। व्यापारियों का आरोप है कि झूलों का संचालन बिजली के खंभों से सीधे तार जोड़कर किया जा रहा है। मंगलवार तक अस्थायी बिजली कनेक्शन नहीं होने के कारण बिजली चोरी की आशंका जताई जा रही है।

मामले में मेला ठेकेदार आकाश शिवहरे और भागचंद शिवहरे से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका। उल्लेखनीय है कि ठेका भुगतान विवाद के चलते दो दिन पहले एसडीएम द्वारा मेले में तालाबंदी की कार्रवाई भी की गई थी, जिससे व्यापारियों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था।

बिजली विभाग के एई बघेल ने बताया कि मेला ठेकेदार ने दो दिन पहले अस्थायी बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। तब तक जनरेटर से व्यवस्था संचालित करने की बात कही गई थी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को मेले में अस्थायी मीटर लगाया जाएगा और अवैध बिजली उपयोग की जांच भी कराई जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *