खोड़ चौकी पुलिस ने 35 हजार की अवैध शराब के साथ युवक को किया गिरफ्तार

शिवपुरी।जिले की खोड़ चौकी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 7 पेटी देशी प्लेन शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई शराब की मात्रा 63 लीटर बताई गई है, जिसकी कीमत करीब 35 हजार रुपये आंकी गई है।
खोड़ चौकी प्रभारी कुसुम गोयल को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नीरज लोधी को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो प्लास्टिक के कट्टों में रखे 7 गत्ते के कार्टून बरामद हुए। प्रत्येक कार्टून में 50-50 क्वार्टर देशी प्लेन शराब रखी हुई थी। कुल 350 क्वार्टर यानी 63 लीटर शराब जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी नीरज लोधी (25) निवासी ग्राम पिपारा मजरा किररुआ, थाना भौंती के खिलाफ अपराध क्रमांक 182/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घनश्याम भदौरिया, चौकी प्रभारी कुसुम गोयल, सहायक उपनिरीक्षक मुनेन्द्र सिंह भदौरिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
