आलीशान लाइफस्टाइल दिखाने वाली यूट्यूबर के घर सेंध, पुलिस सोशल मीडिया एंगल भी खंगाल रही

शिवपुरी। जिले के नरवर थाना क्षेत्र के मोहानी ख्यावदा गांव में चर्चित यूट्यूबर के घर हुई चोरी की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। बदमाश घर की बाउंड्री पर लगी तार फेंसिंग काटकर अंदर घुसे और नकदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब 7 से 8 लाख रुपये है, हालांकि पुलिस अभी वास्तविक नुकसान का आकलन कर रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात चोर बेहद सुनियोजित तरीके से घर में दाखिल हुए। सबसे पहले उन्होंने रचना गुर्जर और उनके पति के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि परिवार के सदस्य बाहर न निकल सकें। इसके बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का रुख बदल दिया गया, जिससे उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। बदमाशों ने अलमारियों और ताले तोड़कर करीब 1.91 लाख रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, चार अंगूठियां, चांदी की करधौनी और अन्य कीमती सामान समेट लिया। यहां तक कि घर में रखी एनर्जी ड्रिंक की पेटी भी अपने साथ ले गए।
रचना गुर्जर ने बताया कि शनिवार सुबह करीब चार बजे जब वह पानी पीने के लिए उठीं तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। संदेह होने पर उन्होंने परिजनों को बुलाया। दरवाजा खुलने के बाद जब घर की जांच की गई तो अलमारी से नकदी और जेवरात गायब मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मगरौनी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटनास्थल से मिले सुरागों के अनुसार बदमाश फेंसिंग काटकर परिसर में दाखिल हुए थे। दीवार के पास सीढ़ी लगाए जाने के भी संकेत मिले हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय गतिविधियों की जांच कर रही है।
मामले का एक पहलू सोशल मीडिया से भी जुड़ रहा है। रचना गुर्जर अपने वीडियो और रील्स में अक्सर सोने-चांदी के गहने, आलीशान घर और लग्जरी लाइफस्टाइल दिखाती रही हैं। इसी कारण यह आशंका भी जताई जा रही है कि बदमाशों ने सोशल मीडिया के जरिए घर और वहां मौजूद कीमती सामान की जानकारी जुटाई हो। हालांकि पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
चोरी के बाद सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए रचना गुर्जर ने कहा कि चोरी हुए गहने उनकी मेहनत की कमाई से खरीदे गए थे। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बिना तथ्य जाने गलत टिप्पणियां कर रहे हैं, जो दुखद है। उनका कहना है कि वह मेहनत से काम करती हैं और जो कुछ भी उनके पास है, वह उनकी और उनके परिवार की मेहनत का परिणाम है।
वहीं, ने बताया कि रचना गुर्जर के घर चोरी की घटना सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि अभी चोरी गए सामान की सटीक कीमत का सत्यापन किया जा रहा है और विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रचना गुर्जर ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक चोरों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वह इस मामले को सोशल मीडिया के माध्यम से उठाती रहेंगी। फिलहाल पुलिस अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुटी है और ग्रामीण क्षेत्र में हुई इस हाई-प्रोफाइल चोरी की गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है।
