हाफिज अब्दुल्ला ने नपा कर्मचारी को आधी रात में बुलाकर पीटा: नगर पालिका में बवाल के बाद कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन

शिवपुरी। नगर पालिका में प्रभारी लेखापाल के साथ कथित मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में सोमवार को अजाक्स और नगर पालिका कर्मचारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोपी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन के अनुसार 5 जून की रात करीब 12 बजे रविकांत झा को नगर पालिका कार्यालय बुलाया गया था। यहां अध्यक्ष और अध्यक्ष पति द्वारा लेखा संबंधी जानकारी ली जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान हाफिज अब्दुल्ला ने लेखापाल का गला पकड़कर उनके साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद नगर पालिका कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।
कर्मचारियों का दावा है कि यदि मौके पर पहुंचे मीडियाकर्मियों ने बीच-बचाव नहीं किया होता तो घटना और गंभीर रूप ले सकती थी। कर्मचारियों का आरोप है कि मारपीट के बाद भी उन्हें धमकियां मिल रही हैं, जिससे कार्यालय में भय का माहौल है और कर्मचारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
अजाक्स जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि एक जिम्मेदार अधिकारी के साथ आधी रात कार्यालय में हुई मारपीट न केवल कर्मचारी सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई और पीड़ित को न्याय नहीं मिला तो नगर पालिका का कामकाज ठप कर हड़ताल शुरू की जाएगी।
