सिंध नदी के स्टॉप डेमों के गेटों से छेड़छाड़, जलस्तर घटने से ग्रामीण चिंतित

शिवपुरी। जिले के बदरवास क्षेत्र में सिंध नदी पर बने स्टॉप डेमों के गेटों से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। लिलवारा गांव के पास स्थित स्टॉप डेम के कई गेट अज्ञात लोगों द्वारा निकाल दिए गए हैं, जबकि आरी घाट पर बने स्टॉप डेम के गेट पिछले कई दिनों से खुले पड़े हैं। गेट खुले रहने के कारण सिंध नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि अवैध रेत खनन में संलिप्त लोग जानबूझकर स्टॉप डेमों के गेट खोल रहे हैं और उन्हें निकाल रहे हैं। उनका कहना है कि पानी का स्तर कम होने पर नदी में ट्रैक्टर-ट्रॉली और मशीनों की आवाजाही आसान हो जाती है, जिससे रेत निकालने में सुविधा मिलती है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गेट बंद नहीं कराए गए तो क्षेत्र में भूजल स्तर प्रभावित हो सकता है। इससे आसपास के गांवों में कुएं, हैंडपंप और अन्य जल स्रोतों में पानी की कमी की समस्या पैदा हो सकती है। साथ ही मवेशियों के लिए भी पेयजल संकट खड़ा होने की आशंका है।
ग्रामीणों के अनुसार आरी घाट के गेट कई दिनों से खुले हैं और अब लिलवारा स्टॉप डेम के गेट निकाले जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर गेट बंद कराने, मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
