विश्व साइकिल दिवस पर आईटीबीपी की साइकिल रैली, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

शिवपुरी। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर शिवपुरी स्थित संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (CITI), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) में ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
संस्थान के उप महानिरीक्षक (दूरसंचार) ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, जवानों और प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए नियमित साइकिलिंग के महत्व पर प्रकाश डाला।
राजेश चौधरी ने कहा कि साइकिल चलाना शारीरिक फिटनेस बनाए रखने का सरल और प्रभावी माध्यम है। इससे हृदय स्वास्थ्य बेहतर होता है, शारीरिक क्षमता बढ़ती है और जीवनशैली से जुड़ी कई बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग मानसिक तनाव कम करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह ईंधन की बचत और प्रदूषण नियंत्रण में भी मददगार है।
उन्होंने सभी को ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान से जुड़ने और प्रत्येक रविवार साइकिल चलाने की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया, ताकि स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिल सके।
रैली में संस्थान के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, जवान और प्रशिक्षु बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम और साइकिलिंग अपनाकर फिट एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के संदेश के साथ हुआ।
