पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर भाइयों में विवाद, दो भाइयों ने तीसरे भाई को पीटा

शिवपुरी। जिले के रातोर गांव में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में दो भाइयों ने अपने तीसरे भाई की लाठी और चप्पलों से पिटाई कर दी। मारपीट में घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
रातोर गांव निवासी ने बताया कि उनके छह भाई हैं और पिता के निधन के बाद परिवार की संपत्ति का अब तक बंटवारा नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि उनके भाई ने मकान और वाहनों सहित पूरी संपत्ति पर कब्जा कर रखा है।
अतर सिंह के अनुसार शनिवार रात मजदूरी से घर लौटने के बाद उन्होंने नेपाल जाटव से संपत्ति के बंटवारे की बात की। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि नेपाल जाटव ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ देर बाद उनके दूसरे भाई भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने भी चप्पलों से मारपीट की।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उन पर लाठी से हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद वह घायल अवस्था में घर के आंगन में पड़े मिले।
घायल की पत्नी ने बताया कि उनकी बेटी ने उन्हें घटना की जानकारी दी थी। जब वह घर पहुंचीं तो उनके पति बेहोशी की हालत में आंगन में पड़े थे। इसके बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
