1000791006

डकैत वाले बयान पर प्रीतम लोधी ने जताया खेद, बोले- किसी की भावना आहत करना उद्देश्य नहीं था

1000791006

शिवपुरी। जिले के पिछोर विधायक ने कुख्यात डकैत रामबाबू गड़रिया को अपना “सुख-दुख का साथी” बताने वाले बयान पर रविवार को खेद व्यक्त किया है। 31 मई को अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह में दिए गए इस बयान के बाद गुर्जर समेत अन्य समाजों में नाराजगी देखने को मिली थी। विवाद बढ़ने पर विधायक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपना स्पष्टीकरण दिया।

वीडियो संदेश में प्रीतम लोधी ने कहा कि वह देवी अहिल्याबाई होल्कर जयंती के अवसर पर बघेल समाज के कार्यक्रम में अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। यदि उनके द्वारा किसी गलत शब्दावली का प्रयोग हुआ है तो उसका उद्देश्य किसी व्यक्ति या समाज की भावनाओं को आहत करना नहीं था। उन्होंने कहा कि उनका सदैव सभी वर्गों के सम्मान, सामाजिक सौहार्द और सद्भाव को बनाए रखने का प्रयास रहा है।

विधायक ने कहा, “यदि मेरे किसी वक्तव्य से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो मैं उसके लिए हृदय से खेद व्यक्त करता हूं।” गौरतलब है कि 31 मई को पिछोर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच से कुख्यात डकैत रामबाबू गड़रिया को अपना “सुख-दुख का साथी” बताया था। कार्यक्रम में रामबाबू गड़रिया की तस्वीर पर माल्यार्पण भी किया गया था। इस बयान के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस छिड़ गई थी तथा कई समाजों ने इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *