SHIVPURI NEWS – तेज रफ्तार डंपर ने ली तीन जिंदगियां, एक युवक गंभीर घायल

शिवपुरी। जिले के करैरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा करैरा-भितरवार मार्ग पर ग्राम हाजीनगर के पास रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार डंपर क्रमांक एमपी 33 एचए 3600 करैरा की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहा था। इसी दौरान उसने सड़क किनारे मौजूद चार लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मामले की शिकायत ग्राम हाजीनगर निवासी राघवेन्द्र गुर्जर पुत्र दशरथ गुर्जर (38) ने करैरा थाने में दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बताया कि हादसे में हाजीनगर निवासी लोटन सिंह गुर्जर पुत्र गजराज सिंह गुर्जर, दतिया जिले के धीरपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम लेतरा निवासी रवि उर्फ रविन्द्र यादव पुत्र बलवाना यादव तथा केशव केवट पुत्र बनमाली केवट की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं हाजीनगर निवासी पैरू गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही करैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को जब्त कर लिया है तथा चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
करैरा पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 384/26 दर्ज करते हुए चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125(ए), 281 और 106(1) के तहत प्रकरण कायम किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
