SHIVPURI NEWS- कुएं में डूबने से 19 वर्षीय युवक की मौत, 24 घंटे बाद मिला शव

शिवपुरी। जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र अंतर्गत नयागांव गोलाकोट में एक खेत के कुएं में डूबने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक शुक्रवार दोपहर नहाने के लिए कुएं पर गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया। करीब 24 घंटे तक चले खोज अभियान के बाद शनिवार को उसका शव कुएं से बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार नयागांव गोलाकोट निवासी अमित जाटव (19) शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे झूतरी की पुलिया के पास स्थित एक खेत के कुएं में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर खनियाधाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। शुक्रवार को दिनभर चले रेस्क्यू अभियान के दौरान युवक का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद एसडीईआरएफ टीम, गोताखोरों और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से खोज अभियान जारी रखा गया।
शनिवार को कड़ी मशक्कत के बाद बचाव दल ने युवक का शव कुएं से बाहर निकाल लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। खनियाधाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों में मातम, गांव में शोक
युवा अमित जाटव की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि युवक रोजमर्रा की तरह नहाने के लिए कुएं पर गया था, लेकिन यह हादसा हो गया।
