1000782071

गुना से कार से स्मैक लेकर शिवपुरी पहुंचे तीन तस्कर, 62.28 ग्राम स्मैक सहित 22 लाख का माल बरामद

1000782071

शिवपुरी। कोतवाली पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को 62.28 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15 लाख रुपये कीमत की स्मैक, एक कार और मोबाइल सहित कुल 22 लाख रुपये का मसरूका जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर शहर को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने विशेष टीम गठित की थी। 4 जून को पुलिस को सूचना मिली कि गुना से ग्वालियर की ओर जा रही एक कार में तीन युवक स्मैक लेकर जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कठमई तिराहा फोरलेन के आगे पुराने केसीसी प्लांट के पास घेराबंदी कर कार क्रमांक MP07AH6719 को रोक लिया। तलाशी के दौरान चालक आर्यन उर्फ हनी नामदेव (25) निवासी बजरंगगढ़ गुना के पास से 11.14 ग्राम स्मैक एवं मोबाइल, नाजिर खान (19) निवासी हड्डी मील गुना के पास से 18.32 ग्राम स्मैक तथा नीतेश योगी (22) निवासी हड्डी मील गुना के पास से 32.82 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 62.28 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल और करीब 7 लाख रुपये कीमत की कार जब्त की। जब्त मसरूका की कुल कीमत लगभग 22 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 441/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस स्मैक के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

कोतवाली पुलिस ने बताया कि शहर को नशामुक्त बनाने के लिए नशे के कारोबारियों और तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। बाहरी जिलों और राज्यों से नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

सराहनीय भूमिका: थाना प्रभारी रोहित दुबे, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, प्रवीण त्रिवेदी, महेन्द्र कुशवाह सहित कोतवाली पुलिस की टीम की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *