सिलपुरा कंजरडेरा में आबकारी का छापा: 235 लीटर कच्ची शराब जब्त, 3800 किलो गुड़-लाहन नष्ट; 10 प्रकरण दर्ज

शिवपुरी। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने पिछोर क्षेत्र के सिलपुरा कंजरडेरा में बड़ी कार्रवाई करते हुए 235 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब, शराब निर्माण के उपकरण एवं भारी मात्रा में गुड़-लाहन जब्त किया है। विभाग ने मौके पर ही करीब 3800 किलोग्राम गुड़-लाहन नष्ट कर दिया। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 4 लाख 86 हजार रुपये बताई गई है।
शुक्रवार को कलेक्टर अर्पित वर्मा एवं उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता ग्वालियर संदीप शर्मा के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। वृत्त पिछोर प्रभारी राहुल गुप्ता की टीम ने सिलपुरा कंजरडेरा में दबिश देकर अवैध शराब निर्माण की गतिविधियों का खुलासा किया।
छापामार कार्रवाई के दौरान टीम को अवैध रूप से शराब बनाते हुए सामग्री मिली। मौके से 235 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब बरामद की गई, वहीं शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण भी जब्त किए गए। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में गुड़-लाहन मिला, जिसका नमूना लेने के बाद लगभग 3800 किलोग्राम सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
आबकारी विभाग ने इस मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक विनीत कुमार शर्मा सहित आरक्षक काशीराम, गिर्राज, डोंगर सिंह, सतीश, डाल सिंह तथा सैनिक सुमन और रितु की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
