1000782254

पांच माह से भुगतान नहीं मिलने पर आशा-ऊषा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

1000782254

शिवपुरी। जिले की आशा, ऊषा एवं आशा सुपरवाइजर कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अपनी लंबित मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। आशा एवं सुपरवाइजर कार्यकर्ता महासंघ के बैनर तले एकत्रित हुईं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर को सौंपकर लंबित भुगतान जारी कराने की मांग की।

महासंघ की जिला अध्यक्ष अंजू यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई थी। कार्यकर्ता प्रसव सेवाओं, टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन उन्हें समय पर प्रोत्साहन राशि और मानदेय का भुगतान नहीं मिल रहा है।

ज्ञापन में कहा गया कि जनवरी 2026 से मई 2026 तक का भुगतान जिले की अनेक आशा एवं ऊषा कार्यकर्ताओं को प्राप्त नहीं हुआ है। लगातार पांच माह से भुगतान अटका होने के कारण कार्यकर्ताओं को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने मांग की कि सभी लंबित भुगतान तत्काल जारी किए जाएं तथा भविष्य में प्रत्येक माह निर्धारित समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन हर बार बजट की कमी, सॉफ्टवेयर संबंधी समस्या या अन्य कारण बताकर मामले को टाल दिया जाता है। महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *