ONE SIDED LOVE में सिरफिरे आशिक ने नाबालिग प्रेमिका को कुल्हाड़ी से काट डाला और फांसी पर लटका दिया, परिजनों ने किया चक्काजाम

शिवपुरी। जिले के खोड़ चौकी क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। एक 22 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर एकतरफा प्रेम में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के घर में घुसकर उस पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमला करने के बाद युवक ने नाबालिग के गले में रस्सी का फंदा डालकर उसे छत से लटका दिया। गंभीर रूप से घायल किशोरी को पहले शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। घटना का वीडियो भी सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी अजब सिंह परिहार का पुत्र धर्मेंद्र परिहार लंबे समय से नाबालिग के पीछे पड़ा हुआ था। ग्रामीणों के मुताबिक वह एकतरफा प्रेम करता था और लड़की पर लगातार दबाव बना रहा था। करीब 15 दिन पहले भी उसने रास्ते में रोककर नाबालिग को परेशान किया था, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी। मामला गांव की पंचायत तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था और धर्मेंद्र ने भविष्य में ऐसी हरकत न करने का भरोसा दिया था।
माता-पिता के बाहर जाते ही घर में घुसा आरोपी
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह नाबालिग के माता-पिता किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। घर में किशोरी अकेली थी। इसी दौरान आरोपी धर्मेंद्र परिहार उसके घर पहुंच गया। आरोप है कि उसने घर में घुसते ही कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए किशोरी घर की छत पर भागी, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गया।
परिजनों के अनुसार आरोपी ने छत पर पहुंचकर किशोरी के गले में रस्सी का फंदा डाला और उसे छत से लटका दिया। कुछ देर बाद वह उसे नीचे पटककर मौके से फरार हो गया। घटना में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शी ने सुनाई खौफनाक वारदात
पीड़िता के परिवार की एक महिला सदस्य ने दावा किया कि उसने अपनी आंखों से पूरी घटना देखी है। उनका कहना है कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया और नाबालिग के साथ बेरहमी की। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम, प्रशासन को मौके पर बुलाने की मांग
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने खोड़-सिरसौद मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए सड़क पर धरना दे दिया। करीब दो घंटे तक मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार शुभम गर्ग मौके पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा की। इस दौरान परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, मुख्य आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम समाप्त कराया गया।
प्रेम प्रसंग या पुरानी रंजिश, जांच में जुटी पुलिस
घटना के पीछे की वजह को लेकर गांव में अलग-अलग चर्चाएं हैं। पीड़ित पक्ष इसे पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रहा है, जबकि कई ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी का एकतरफा प्रेम ही इस वारदात की वजह बना। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पिता-पुत्र राउंडअप, पांच आरोपियों पर एफआईआर
घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी धर्मेंद्र परिहार और उसके पिता अजब सिंह परिहार को राउंडअप कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एसडीओपी प्रशांत शर्मा के अनुसार घायल नाबालिग का उपचार ग्वालियर में जारी है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
यह घटना एक बार फिर महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। पंचायत में समझौते के बावजूद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला केवल एकतरफा प्रेम नहीं, बल्कि कानून और सामाजिक व्यवस्था को चुनौती देने वाली गंभीर आपराधिक वारदात के रूप में देखा जाएगा।
