1000781523

डिवाइडर से टकराया ट्रक, चालक गंभीर घायल: दो दिन में दूसरी दुर्घटना से उठे सवाल

1000781523
100781523

शिवपुरी। शिवपुरी-गुना फोरलेन पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार रात जिले के कौलारस थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरनखेड़ी गांव के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में ट्रक चालक यशपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार ट्रक शिवपुरी से बदरवास की ओर माल भरने जा रहा था। रात के समय पूरनखेड़ी के समीप चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रक सीधे डिवाइडर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंसकर घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने राहत कार्य करते हुए चालक को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए फोरलेन पर यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क किनारे कर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई।

गौरतलब है कि इसी स्थान पर दो दिन पहले भी एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। लगातार हो रहे हादसों ने फोरलेन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण और डायवर्जन वाले हिस्सों पर पर्याप्त सूचना बोर्ड, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए हैं, जिसके कारण विशेष रूप से रात के समय वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों और राहगीरों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निर्माणाधीन क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा है। कई स्थानों पर संकेतक और चेतावनी बोर्ड पर्याप्त संख्या में नहीं हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और NHAI से पूरनखेड़ी क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पर्याप्त संकेतक, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं। फिलहाल घायल चालक यशपाल का जिला अस्पताल शिवपुरी में उपचार जारी है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *